home page

यमुनानगर में विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया मारपीट का आरोप

 | 

यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)।यमुनानगर में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के सदस्यों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा छेड़छाड़ जैसे आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायकर्ता महिमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 8 नवंबर 2024 को रादौर क्षेत्र के गांव खजूरी निवासी विकास के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरेलू सामान के साथ मोटरसाइकिल सहित अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। महिला का आरोप है कि उससे सोने के आभूषण और कार लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। जब उसने मायके से और पैसे या सामान लाने से इंकार किया तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और घर छोड़ने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके पालतू कुत्ते को भी डंडों से पीटकर मार दिया गया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ और अधिक मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने अपने जेठ पर भी अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार जेठ ने कई बार आपत्तिजनक हरकतें कीं और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति विकास और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संबंधित थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार