यमुनानगर: दहेज उत्पीड़न पर पति सहित छह पर केस दर्ज
यमुनानगर, 19 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने अपने जेठ पर अनुचित व्यवहार और जबरन संबंध बनाने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2025 में समीर निवासी सहारनपुर के साथ हुई थी। विवाह के दौरान उसके परिजनों ने पर्याप्त खर्च के साथ मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान दिया था। आरोप है कि पति समीर, ससुर अशरफ, सास शबाना, जेठ आशिफ, देवर मोसीन और ननद आशिया ने मिलकर उस पर कार, सोने के आभूषण और नकदी लाने का दबाव बनाया।
मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति नशे का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान जेठ आशिफ ने कई बार उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और एक अवसर पर जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे धमकी दी गई। पुलिस ने पति सहित सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

