home page

यमुनानगर:दहेज उत्पीड़न व छेड़छाड़ के आरोपों में पति समेत ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 04 मार्च (हि.स.) यमुनानगर में जिले में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर थाना प्रतापनगर पुलिस ने बुधवार काे विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उसका कहना है कि उस पर पांच लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जाता था और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया जाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेठ मांगे खान और जेठ के पुत्र अमर खान ने कई बार अनुचित हरकतें कीं तथा उसे अकेला पाकर जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं।

शिकायतकर्ता के अनुसार 13 फरवरी 2025 को जब वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया और परिजनों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस को सूचना देने के बावजूद मौके पर कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं हुआ। महिला ने एक पुलिस अधिकारी पर भी ससुराल पक्ष को संरक्षण देने का आरोप लगाया। हालांकि प्रारंभिक जांच में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता का कहना है कि उसने प्रशासनिक अधिकारियों को भी शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई में विलंब हुआ। बाद में उसने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के निर्देशों के पश्चात थाना प्रतापनगर पुलिस ने पति जुल्फान, मांगे खान, अमर खान, सास जमीला और ससुर के विरुद्ध मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी के अनुसार शिकायत में दहेज मांग, धमकी और छेड़छाड़ के आरोप पाए गए हैं, जिनकी विधिसम्मत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार