दहेज की मांग करने में टूटा शादी का रिश्ता, सेवानिवृत्ति पुलिसकर्मी समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज
औरैया, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक रिटायर्ड दरोगा के पुत्र की शादी तय तिथि से पहले ही टूट गई। लड़की पक्ष ने बारात के स्वागत की सभी तैयारियां कर ली थीं, लेकिन लड़के पक्ष द्वारा बार-बार दहेज की मांग करने से विवाद बढ़ गया और बारात नहीं पहुंची। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के नगला सिमार निवासी लाल सिंह पुत्र सोनेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शिक्षा विभाग के प्राथमिक विद्यालय में कर्मचारी हैं। उन्होंने अपनी पुत्री नेहा का रिश्ता आकाश प्रताप सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी सिंह फर्नीचर इलेक्ट्रिकल्स, सर्विस रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-19 महेवा, थाना बकेवर जिला इटावा के साथ तय किया था। दोनों पक्षों के बीच शादी लगभग 20 लाख रुपये में तय हुई थी, जिसमें 15 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये के जेवरात व घरेलू सामान शामिल थे।
तहरीर के अनुसार 17 अक्टूबर 2024 को अनंतराम गेस्ट हाउस में लड़की दिखाने की रस्म हुई थी, जबकि 25 दिसंबर 2024 को नगला सिमार स्थित प्रार्थी के घर पर गोद भराई की रस्म संपन्न हुई। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 19 फरवरी 2025 को शादी की तिथि तय की गई थी।
आरोप है कि शादी नजदीक आते ही लड़के पक्ष के लोगों ने तय रकम के अतिरिक्त पांच लाख रुपये और मांग की। काफी आग्रह के बाद लड़की पक्ष ने 4 लाख 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर लड़के पक्ष को दे दिए, लेकिन शेष 50 हजार रुपये न देने पर लड़के पक्ष ने 19 फरवरी 2025 को होने वाली शादी से इंकार कर दिया।
बाद में पंचायत के बाद शादी की नई तिथि 8 मार्च 2026 तय की गई। लड़की पक्ष ने फिर से शादी की तैयारियां शुरू कर दीं और रिश्तेदारों में निमंत्रण पत्र भी बांट दिए। इसी बीच आरोप है कि लड़के पक्ष ने फिर से पांच लाख रुपये नकद, एक अर्टिगा कार, घरेलू सामान और तीन सोने की अंगूठियों की अतिरिक्त मांग कर दी। लड़की पक्ष द्वारा पहले से तय शर्तों का हवाला देने पर लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ते हुए कहा कि उन्होंने दूसरी लड़की देख ली है, जो उन्हें 30 लाख रुपये देने को तैयार है।
लड़की पक्ष का आरोप है कि बाद में लड़के को घर से गायब कर दिया गया और यह कहकर सूचना दी गई कि वह घर से भाग गया है। साथ ही साजिश के तहत लड़की और उसके पिता के खिलाफ थाना बकेवर में शिकायत भी की गई। जब लड़की पक्ष महेवा पहुंचा तो लड़के के पिता ने खुद को पुलिस उप निरीक्षक पद से रिटायर्ड बताते हुए रौब झाड़ा और धमकी दी कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है तथा ज्यादा दबाव बनाने पर उन्हें गिरफ्तार करवा दिया जाएगा। साथ ही कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में अजीतमल कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि तहरीर के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

