दहेज हत्या मामले में पति एवं सास गिरफ्तार
प्रयागराज, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाना की पुलिस टीम ने रविवार को दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मृतिका के पति और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित उतरांव थाना क्षेत्र के भदवां गांव निवासी मृतिका के पति अंकित पुत्र विजय कुमार एवं सास कंचन देवी पत्नी विजय कुमार है।
पुलिस के अनुसार, थाना उतरांव में दोनों के खिलाफ धारा 80(2)/85 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि दहेज की मांग को लेकर आरोपितों ने महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
डीसीपी गंगानगर का बयान
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि, “दहेज हत्या जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में वांछित अभियुक्त और अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस टीम की भूमिका
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक उमा सिंह यादव, महिला उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय और कांस्टेबल सुशील कुमार की अहम भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

