home page

कोरबा में वहशियत: कटा सिर लिए गांव में घूमता रहा पति, आराेपित गिरफ्तार

 | 
कोरबा में वहशियत: कटा सिर लिए गांव में घूमता रहा पति, आराेपित गिरफ्तार


कोरबा 23 अप्रैल (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा से इंसानियत काे शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर सिर को लेकर पूरे गांव में घूमता रहा। पुलिस ने आराेपित काे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रजगामार पुलिस चौकी के ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम पिता राम प्रसाद यादव रोजी-मजदूरी का काम करता है। वह गांव के ही किसी फार्म हाउस में रहकर मजदूरी आदि कार्य किया करता था। उसने बीती रात अपनी पत्नी से हुए विवाद के बाद शराब के नशा में तैश में आकर धारदार चाकू से पत्नी का गर्दन ही काट दिया। पति का वहशीपन यहीं नहीं थमा बल्कि उसने पत्नी के धड़ को यूं ही छोड़ दिया और बिना किसी दुःख व पश्चाताप के कटे हुए सिर को प्लास्टिक की बोरी में रखा। चाकू भी इस बोरी में रखा और मोटरसाइकिल की डिक्की में बोरी को रखकर पुलिस चौकी रजगामार जाने के लिए निकल पड़ा। रास्ते में एक पोल्ट्री फार्म के पास रुक कर उसने लोगों को बताया कि वह पुलिस चौकी जा रहा है, उसने अपनी पत्नी का सिर काट दिया है।

उसकी इस हरकत पर लोगों को सहसा यकीन नहीं हुआ लेकिन जब उसे कुरेद कर लोगों ने पूछा और बोरी में क्या रखा है, उसे निकाल कर दिखाने के लिए कहा तो उसने बोरी खोलकर कटे हुए सिर और चाकू को बाहर निकाल कर लोगों को दिखाया। आरोपित सालिकराम यादव ने लोगों को बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती थी, उसके चरित्र पर संदेह करती थी। किसी भी महिला को लेकर लांछन लगाती थी। वह कहता रहा कि क्या मालिक की पत्नी भी उसकी पत्नी हो गई, वह तो वहां काम करता है, लेकिन मेरी पत्नी उसे जोड़कर संदेह करती थी और विवाद करती रहती थी। इसी बात को लेकर विवाद में सालिकराम ने इस वहशियतपूर्ण घटना को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। मृतका के शव और कटे हुए सिर को अपने कब्जे में लेकर मर्ग पंचनामा के पश्चात पोस्टमार्टम हेतु सुरक्षित रखवाया गया है। पति की इस हरकत के कारण उसके बच्चों के सिर से मां की ममता का साया छिन गया है। पिता अब जेल चला गया और बच्चों के ऊपर पालन-पोषण की विपदा आ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी