(अपडेट) 80 लाख की जमीन दोहरे हत्याकांड की वजह बनी
बांदा, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू कस्बे में रविवार को रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई। 80 लाख रुपये की पुश्तैनी जमीन के विवाद में बड़े भाई ने अपनी ममता और खून के रिश्ते को तार-तार कर दिया। आरोपित ने अपनी दोनाली लाइसेंसी बंदूक से मां और छोटे भाई की दिन-दहाड़े हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित हथियार सहित फरार हो गया। पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, तिंदवारी रोड निवासी जगदीश ने तीन महीने पहले अपनी एक जमीन 80 लाख रुपये में चार लोगों को बेची थी। रविवार सुबह खरीदार जमीन की नाप-जोख (पैमाइश) कराकर कब्जा लेने पहुंचे थे। जगदीश का बड़ा बेटा राजकिशोर इस सौदे से नाराज था और कब्जे का विरोध कर रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें जगदीश और राजकिशोर की पत्नी प्रभा घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में तमतमाया राजकिशोर घर से अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया। उसने बंदूक की नली अपने पिता जगदीश के सीने पर सटा दी। अपने पिता की जान बचाने के लिए छोटा भाई देवीदीन (35) जैसे ही बीच में आया, राजकिशोर ने ट्रिगर दबा दिया। गोली सीधे देवीदीन के सीने में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
बेटे को तड़पता देख मां शांति देवी (60) उसे बचाने के लिए चिल्लाती हुई दौड़ीं। खून सवार आरोपित राजकिशोर ने अपनी मां पर भी रहम नहीं किया और दूसरा फायर उनके सीने में झोंक दिया। मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपित बंदूक लहराते हुए फरार हो गया।
परिजनों ने आनन-फानन में चारों घायलों (प्रभा, जगदीश, देवीदीन और शांति देवी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने देवीदीन और शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे रिश्तेदारों और ग्रामीणों के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
इस संबंध में पलाश बंसल, एसपी बांदा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

