home page

डबल मर्डर का खुलासा: संपत्ति हड़पने के लालच में हत्या, आरोपित जयमीन गिरफ्तार

 | 
डबल मर्डर का खुलासा: संपत्ति हड़पने के लालच में हत्या, आरोपित जयमीन गिरफ्तार


उदयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में शुक्रवार रात मां-बेटी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित जयमीन को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित ने संपत्ति पर कब्जा करने और आर्थिक लाभ के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने रविवार को बताया कि मृतक 70 वर्षीय महिला और उनकी मानसिक रूप से कमजोर 47 वर्षीय बेटी घर में अकेली रहती थीं। घटना के बाद घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब मिले थे, जिससे शुरुआत में मामला लूट के उद्देश्य से हत्या का प्रतीत हुआ। हालांकि वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंच गई।

पूछताछ में आरोपी जयमीन ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं। जांच में सामने आया कि आरोपित लम्बे समय से इस परिवार का विश्वास जीतने में लगा था, उसकी मंशा इस परिवार की जायदाद अपने नाम करवाना था। जमीन उसके नाम नहीं करने पर उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट का स्वरूप देने का भी प्रयास किया। पुलिस अब घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और साजिश के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इस दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और शव लेने से भी इनकार कर दिया था। पुलिस द्वारा मामले का खुलासा किए जाने के बाद जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता