home page

जमीन विवाद में भाई ने मां और भाई की गाेली मारकर की हत्या

 | 
जमीन विवाद में भाई ने मां और भाई की गाेली मारकर की हत्या


बांदा, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक युवक ने जमीन के विवाद में अपनी मां और भाई का की लाइसेंसी बंदूक से गाेली मारकर हत्या कर दी। पत्नी काे घायल कर दिया।वारदात के बाद आराेपित फरार हाे गया, जिसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी हैं।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि तहसील परिसर के पीछे रहने वाले राजकिशोर उर्फ गोविंद ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर अपनी 60 वर्षीय मां शांती देवी और 40 वर्षीय छोटे भाई देवीदीन की हत्या कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राजकिशोर के पिता ने अपनी पुश्तैनी ज़मीन का एक हिस्सा बेच दिया था। राजकिशोर इस फैसले के सख्त खिलाफ था और इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। रविवार को यही बहस खूनी संघर्ष में बदल गई। राजकिशोर की पत्नी प्रभा ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित राजकिशोर ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात के बाद आराेपित फरार हाे गया।

सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार रजावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम भेजकर फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं, जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह