home page

बांदा के डबल मर्डर केस में गरमाया मामला, पिता ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

 | 
बांदा के डबल मर्डर केस में गरमाया मामला, पिता ने दी आमरण अनशन की चेतावनी


बांदा, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा में दो मासूम बच्चों की सनसनीखेज हत्या के मामले ने एक नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतक बच्चों के पिता भैयाराम ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का खुला आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस मुख्य आरोपी को बचाने का पूरा प्रयास कर रही है, जिसके चलते घटना के बाद से अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के इस रवैये से क्षुब्ध होकर पीड़ित पिता ने घर के सामने ही सत्याग्रह शुरू कर दिया है और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।

भैयाराम ने रविवार को रोते हुए बताया कि पुलिस ने उनके पूरे परिवार को घर के अंदर ही कैद कर रखा है। स्थिति यह है कि किसी भी रिश्तेदार या मिलने-जुलने वाले को उनके घर तक नहीं आने दिया जा रहा है। यदि कोई सांत्वना देने पहुंच भी जाता है, तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे डांटकर भगा देते हैं, ताकि उनकी पीड़ा और सच्चाई बाहर दुनिया तक न पहुंच सके।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वह अंदर से पूरी तरह टूट चुके हैं। इस दोहरे हत्याकांड का मुख्य गुनहगार लोधी महेंद्रपाल वर्मा है, लेकिन खाकी की शह के कारण वह अब तक कानून की पकड़ से दूर है। न्याय की आस में बैठे पीड़ित पिता ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी महेंद्रपाल वर्मा को गिरफ्तार नहीं किया तो वे आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर होंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया कि न्याय न मिलने पर वे अपने बच्चों की प्रतीकात्मक अर्थी लेकर सीधे लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगे।

इस घटना के बाद से नंदवारा गांव में पुलिस के खौफ और आरोपी के कथित दबदबे के चलते सन्नाटा पसरा हुआ है। डर के साए में जी रहे ग्रामीण इस मामले में खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह