home page

उज्जैन में एमडी ड्रग्स पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, लाखों का माल जब्त

 | 
उज्जैन में एमडी ड्रग्स पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, लाखों का माल जब्त


उज्जैन, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 53 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने जहां बुंदेला गैंग से जुड़ा एक बदमाश पकड़ा। वहीं दूसरी और नीलगंगा थाना पुलिस ने गुर्जर गैंग के 2 सदस्यों को दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रु. कीमत का मादक पदार्थ और एक कार भी जब्त की है।

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने सोमवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उण्डासा तलाब के समीप गरोठ रोड पुलिया के नीचे धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू पिता श्यामसिंह बुंदेला निवासी जनता कॉलोनी आगर रोड़,उज्जैन एमडी ड्रग्स लेकर किसी को सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों को देखकर धम्मू ने दौड़ लगा दी। लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 28 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रु.आंकी गई है।

कार से सप्लाइ करने आया था ड्रग्सपुलिस ने बताया कि धम्मू बुंदेला गैंग का सक्रिय सदस्य है और कुख्यात बदमाश जीतू बुंदेला का भाई है। वह काला बुंदेला से ड्रग्स लेकर आया था और इसे गैंग के फरार सदस्य निखिलेश मीणा को देने वाला था। आरोपी की निशानदेही पर उसकी कार क्रं.एमपी 13 सीसी 3123 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत ड्रग्स सहित करीब 8.5 लाख रुपए आंकी गई है।

गोवा से चला रहा ऑनलाइन सट्टाआरोपी ने यह भी खुलासा किया कि गैंग मुख्य सरगना छंग्गू उर्फ यशवेन्द्र बुंदेला और उसके साथी मादक पदार्थों के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से भी जुड़े हैं। आईपीएल के दौरान गोवा से सट्टा संचालन किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

गुर्जर गैंग के सदस्य पकड़ाए वाकणकर ब्रिज के समीप सेनीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि वाकणकर ब्रिज के पास पार्किंग क्षेत्र से मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर नमन उर्फ नवीन गुर्जर पिता हरनामसिंह गुर्जर 30 वर्ष और उसके बड़े भाई चंद्रशेखर गुर्जर 38 वर्ष दोनों निवासी विश्वबैंक कॉलोनी को दबोचा। तलाशी लेने पर नमन के पास से 12 ग्राम और चंद्रशेखर के पास से 13 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 25 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त मादक पदार्थ को मालखाने में जमा कराया गया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

मादक पदार्थ के खिलाफ चल रहा अभियानपुलिस ने बताया कि नमन और चंद्रशेखर हिस्ट्रीशीटर बदमाश रौनक गुर्जर की गैंग से जुड़े हुए है। दोनों ही बदमाशों पर मारपीट, वसूली सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज है। पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोनों मामलों में फरार आरोपियों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल