home page

मोबाइल फोन का सिम चोरी कर घरेलू सहायक ने खाते से निकाली 4.20 लाख की रकम

 | 
मोबाइल फोन का सिम चोरी कर घरेलू सहायक ने खाते से निकाली 4.20 लाख की रकम


नोएडा, 26 मार्च (हि.स.)। नोएडा के सेक्टर-61 में रहने वाले एक सेवानिवृत बुजुर्ग के घरेलू सहायक ने उनका मोबाइल फोन का सिम चोरी कर यूपीआई आईडी बना ली। इसके बाद कई बार में यूपीआई के माध्यम से 4.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिया। जब इसकी जानकारी हुई तब घरेलू सहायक भाग गया। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने गुरुवार काे बताया कि सेक्टर 61 में रहने वाली सुशीला भारद्वाज ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके पति सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं और पार्किंसन बीमारी से ग्रसित हैं। उनकी देखभाल व घर के काम के लिए राजस्थान हनुमानगढ़ निवासी शिवप्रसाद को घरेलू सहायक रखा गया था। 20 मार्च को उन्होंने पति की दवाई लाने के लिए जब बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि उसमें करीब चार लाख रुपये से अधिक की रकम कम है। इसके बाद वह बैंक गईं और पता किया तब जानकारी मिली कि यह रकम यूपीआई के माध्यम से निकाली गई है। जांच में पता चला कि 27 दिसंबर 2025 से 20 मार्च 2026 तक 4.20 लाख रुपये कई बैंक खातों में ट्रांसफर हुए है। इनमें सबसे ज्यादा रकम शिवप्रसाद के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है। इस बारे में जब उन्होंने घरेलू सहायक शिवप्रसाद से बात की तो वह पहले बहाने बनाने लगा। फिर बिना बताए ही घर से भाग गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी