घरेलू विवाद में मां को पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सीवान, 31 अगस्त (हि.स.)। सीवान नगर थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर स्थित सब्जी मंडी इलाके में घरेलू विवाद के दौरान पिस्टल लेकर परिजनों को धमकाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान दीनदयाल नगर (सब्जी मंडी) निवासी संजय साह के पुत्र आदित्य कुमार उर्फ गणेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सोमवार को एक महिला नगर थाना पहुंची और सूचना दी कि उसका पुत्र आदित्य कुमार उर्फ गणेश घरेलू विवाद को लेकर हाथ में पिस्टल लेकर घर में बैठा है तथा उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थल पर पहुंची और छापेमारी शुरू की। पुलिस वाहन को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आदित्य कुमार उर्फ गणेश बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले में नगर थाना में धारा 25(1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक अविनाश कुमार के साथ थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

