संभल : डॉग स्क्वायड की मदद से 48 घंटे में खोला मासूम से दरिंदगी का राज, एक आराेपित गिरफ्तार
संभल, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में थाना बबराला क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना का पुलिस ने साेमवार काे खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया था।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। इसके बाद घटनास्थल से मिले एक गमछे के आधार पर डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। डॉगी ने गमछे को सूंघने के बाद आरोपित की तलाश शुरू की और कई किलोमीटर तक पुलिस टीम को रास्ता दिखाया। घंटों की तलाश के बाद डॉगी मैरी पुलिस को आरोपित के गांव तक ले पहुंचा, जहां पुलिस टीम को देखते ही आरोपित संदीप भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित संदीप पैर में गोली लगने से घायल हाेकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने डॉग स्क्वाॅयड की सराहना करते हुए डॉगी मैरी को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूरे जनपद में इस बहादुर डॉगी की चर्चा हो रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

