डोडा-पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार जब्त
जोधपुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की स्पेशल सेल और बिलाड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 46.980 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त कर उसमें सवार दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। कार से तीन अलग-अलग नंबरों की छह फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के निर्देशन में बिलाड़ा थानाधिकारी सवाई सिंह और स्पेशल सेल के उपनिरीक्षक मनफूल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। कांस्टेबल किशोर दुकतावा से मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने नाकाबंदी देखकर कार वापस घुमाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रुकवाया और चालक सहित उसके पास वाली सीट पर बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 46.980 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और तीन अलग-अलग नंबरों की छह फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों आरोपिताें रामड़ावास कला, थाना कापरड़ा, निवासी श्यामलाल पुत्र राणाराम विश्नोई और प्रेमाराम पुत्र जेठाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर स्विफ्ट कार जब्त कर ली।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

