बाड़े में खड़ी कार में मिला 1.17 क्विंटल डोडा पोस्त
डोडा पोस्त प्लास्टिक कट्टों में लादा गया, पिता गिरफ्तार, पुत्र की तलाश
जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। कमिश्ररेट की डांगियावास पुलिस ने खातियासनी रोड स्थित एक ढाणी में खड़ी कार से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। मामले में कार मालिक लादूराम को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पुत्र नरेश फरार बताया जा रहा है। गाड़ी से छह प्लास्टिक कट्टों में भरा 117 किलो से ज्यादा अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ है।
थानाधिकारी दौलाराम को गुरुवार शाम करीब 7 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि खातियासनी रोड स्थित भागीरथ विश्नोई की ढाणी में खड़ी सफेद वर्ना कार में अवैध मादक पदार्थ से भरे कट्टे रखे हैं। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तत्काल मौके पर दबिश दी।
मौके पर पुलिस को भागीरथ नहीं मिला, लेकिन लादूराम, श्यामसुंदर सहित अन्य लोग मौजूद थे। पूछताछ में लादूराम ने कार अपनी होना स्वीकार किया। पहले उसने चाबी नहीं होने की बात कही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि उसका पुत्र नरेश कार में अवैध डोडा पोस्त भरकर लाया था और उसे भाई की ढाणी में खड़ा कर चला गया। उसने यह भी स्वीकार किया कि कार में मादक पदार्थ रखा होने की जानकारी उसे थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार से सीलबंद 6 पैकेटों में रखा करीब 117. 370 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त( डोडा चूरा) बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ, कार व अन्य सामान जब्त कर लिया। मामले में धायलो की ढाणी, बिसलपुर, डांगियावास निवासी लादूराम लोल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपित उसके पुत्र नरेश की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

