एक साै बीस किलो डोडा पोस्त, दाे किलो अफीम और 91 ग्राम एमडीएमए जब्त, पांच गिरफ्तार
जोधपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट पूर्व के माता का थान थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व की टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 किलो 94 ग्राम डोडा पोस्त, 2 किलो 24 ग्राम अफीम और 91 ग्राम सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बरामद की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली कार्रवाई के तहत 23 जुलाई की रात एएनटीएफ से मिली सूचना के आधार पर की गई। माता का थान थाना प्रभारी अनिल कुमार ने टीम के साथ प्रेम नगर फाटक के पास एक आल्टो कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार बीरबल और मांगीलाल के कब्जे से 91 ग्राम एमडीएमए तथा 61 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
दूसरी कार्रवाई 24 जुलाई को बलदेव नगर क्षेत्र में की गई। पुलिस ने श्रवण सिंह विश्नोई के घर दबिश देकर उसके कब्जे से 2 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद की। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीसरी कार्रवाई के तहत माता का थान थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने सालासर नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर रमेश और प्रकाश के कब्जे से 120 किलो 33 ग्राम डोडा पोस्त, इलेक्ट्रीक कांटा और मिक्सी बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया तथा आगे की जांच मंडोर थाना पुलिस को सौंपी गई।
पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई इन तीनों कार्रवाइयों में कुल तीन प्रकरण दर्ज किए गए और पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। आरोपिताें के कब्जे से कुल 120 किलो 94 ग्राम डोडा पोस्त, 91 ग्राम एमडीएमए और 2 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस आरोपिताें से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

