मंदसौर में पुलिस मुठभेड़ के बाद डोडाचूरा तस्कर गिरफ्तार, फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम
मंदसौर, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नारायणगढ़ थाना पुलिस ने बुधवार को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय डोडाचूरा तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, अलग-अलग नंबर प्लेटें और एक लक्जरी हुंडई क्रेटा कार जब्त की है।
जानकारी के अनुसार एसपी विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में पुलिस टीम बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा स्थित सगस बावजी मंदिर के पास बुधवार सुबह नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिपलिया मंडी की ओर से आ रही एक हुंडई क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में भागने लगा।
भागने के दौरान कार पहले यात्री प्रतीक्षालय की दीवार से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद कार में सवार दोनों आरोपित वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान एक आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए, हालांकि पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ दिखाते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के जालोर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजूराम विश्नोई (31) और सांचौर जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र निवासी सुरज विश्नोई (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार की तलाशी ली, जिसमें 12 प्लास्टिक कट्टों में भरा 252 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं आरोपी सुरज के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा भी बरामद किया गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

