home page

सीबीएन ने बाड़े में गेहूं की भूसी के नीचे छिपाया मादक पदार्थ, 290 किलो से ज्यादा डोडा चूरा पकड़ा

 | 
सीबीएन ने बाड़े में गेहूं की भूसी के नीचे छिपाया मादक पदार्थ, 290 किलो से ज्यादा डोडा चूरा पकड़ा


चित्तौड़गढ़, 10 मई (हि.स.)। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) चित्तौड़गढ़ खंड द्वितीय की टीम ने कपासन तहसील के तुर्किया खुर्द गांव में एक बाड़े पर छापा मारा है। नारकोटिक्स ने यहां से 290.440 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पकड़े गए मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ जारी है।

उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा नरेश बुंदेल ने बताया कि सीबीएन को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि तुर्किया खुर्द निवासी एक व्यक्ति ने बिना वैध अफीम लाइसेंस के अपने बाड़े में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा जमा कर रखा है। साथ ही वह डोडा चूरा की लगातार ड्रग तस्करों को सप्लाई कर रहा है। इस सूचना के आधार पर सीबीएन चित्तौड़गढ़ खंड द्वितीय की टीम कपासन के तुर्किया खुर्द में छापा मारा। यहां मुखबिर की और से बताए बाड़े की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गेहूं की भूसी की बोरियों के नीचे छिपाए गए अवैध डोडा चूरा के 15 बैग बरामद हुए। इनका वजन कर मौके से कुल 290.440 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि मौके पर ही कानूनी औपचारिकता पूरी कर बरामद डोडा चूरा जब्त कर लिया गया। मौके से एक व्यक्ति को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सीबीएन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे समाज में विशेष कर युवाओं को नशे से बचाने और नशा मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में कार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल