मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ का आरोप, अश्लील मैसेज भेजने और पीछा करने की एफआईआर
जबलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर पर करीब एक साल से परेशान करने का आरोप लगाया है। बुधवार को लार्डगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला क्लर्क का आरोप है कि डॉक्टर उसके कार्यालय आने-जाने के दौरान पीछा करता था और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था। मोबाइल चैट के जरिए प्यार का इजहार करने के साथ आपत्तिजनक संदेश भी भेजता था। महिला ने कई बार डॉक्टर की इन हरकतों का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर उसे परेशान करना जारी रहा।
लगातार हो रही परेशानियों से तंग आकर महिला ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। महिला परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं।
इस मामले में डॉक्टर की ओर से भी पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। बताया गया है कि महिला के भाई ने जब डॉक्टर से इस संबंध में बातचीत करने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

