home page

उत्तम नगर हत्याकांड में पुलिस ने 7 और आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

 | 

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में दो समुदायों के बीच हुए विवाद और हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे सात और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल 14 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान सायरा उर्फ काली (40), सरिफन (50), सलमा (36), सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) के रूप में हुई है। सभी आरोपित उत्तम नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनके अलावा पुलिस ने एक 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने सोमवार को बताया कि यह सभी आरोपित उत्तम नगर में दर्ज हत्या के मामले में वांछित थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर इन आरोपितों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर फरार आरोपितों को पकड़ने की कार्रवाई की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित रूप से शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी