home page

एसटीएफ ने 10 लाख की कोकीन के साथ सप्लायर गिरफ्तार

 | 
एसटीएफ ने 10 लाख की कोकीन के साथ सप्लायर गिरफ्तार


नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उत्तर-पश्चिम जिले की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कोकीन सप्लायर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 11 ग्राम उच्च गुणवत्ता की कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। ड्रग्स की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान अभिषेक अस्थाना (20) के रूप में हुई है। वह रोहिणी के विजय विहार फेज-1 का निवासी है। जांच में सामने आया है कि आरोपित ड्रग्स सप्लाई के एक सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था और हाल ही में उसने उत्तर-पश्चिम जिले में अपना नेटवर्क फैलाना शुरू किया था। वह मांग के अनुसार ग्राहकों तक नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, 2 फरवरी को एसटीएफ को इस संबंध में एक विशेष सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मैनुअल और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। कई दिनों तक लगातार निगरानी और रणनीतिक योजना के बाद पुलिस ने आरोपित को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने जब आरोपित की तलाशी ली तो उसके पास से 11 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इसके अलावा ड्रग्स की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त कर ली गई। इस संबंध में अशोक विहार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/25/61 के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी