खजूरी खास में कलेक्शन एजेंट से 45 लाख रुपये की लूट
नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने एक कारोबारी के कलेक्शन एजेंट से करीब 45 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और कैश से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। यह घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पीड़ित अवीनाश (27) के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस पीड़ित अवीनाश से भी विस्तृत पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल बदमाश पीड़ित या संबंधित कारोबारी के जानकार हो सकते हैं।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने रविवार को बताया कि पीड़ित अवीनाश अपने परिवार के साथ पुराने सीलमपुर इलाके में रहता है। उसके परिवार में पिता सुखपाल सहित अन्य सदस्य हैं। अवीनाश चांदनी चौक स्थित एक स्क्रैप डीलर के यहां कैश कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार को अवीनाश ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों से करीब 45 लाख रुपये की पेमेंट कलेक्ट की थी। देर शाम होने के कारण वह स्कूटी से वजीराबाद रोड होते हुए अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वजीराबाद रोड पर एक्सिस बैंक के एटीएम के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसकी स्कूटी को जबरन रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर अवीनाश को धमकाया और उसके पास मौजूद कैश से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने अवीनाश का बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अवीनाश का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाल रही है। इसके अलावा कारोबारी के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि लूट की इस वारदात में शामिल आरोपियों का सुराग मिल सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

