home page

पांच साल के बच्चे की हत्या का मामला 48 घंटे में सुलझा, रिश्तेदार ही निकला आरोपित

 | 
पांच साल के बच्चे की हत्या का मामला 48 घंटे में सुलझा, रिश्तेदार ही निकला आरोपित


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। राजधानी नई दिल्ली की बाहरी जिला पुलिस ने रनहोला थाना क्षेत्र में पांच साल के बच्चे की हत्या के मामले को 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि बच्चे की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही रिश्तेदार ने की थी। पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपित रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पांच मार्च को दोपहर करीब 12:20 बजे मोहन गार्डन इलाके से पीसीआर कॉल मिली थी कि एक पांच वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक निर्माणाधीन इमारत में बच्चे का शव मिला। शव की गर्दन पर तेजधार हथियार से वार के निशान थे।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मृतक की पहचान मोहन गार्डन निवासी पाचू महतो के पांच वर्षीय पुत्र के रूप में हुई। बच्चे के पिता पाचू महतो ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा 3 मार्च से लापता था। पुलिस को यह भी पता चला कि 5 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे रवि कुमार ने ही सबसे पहले निर्माणाधीन इमारत में बच्चे का शव देखने की जानकारी दी थी। रवि कुमार मृतक के पिता का भांजा है और अपने भाइयों के साथ नाना-नानी के घर में रहता था। इस मामले में रनहोला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ जिले की स्पेशल स्टाफ और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम बनाई गई। शुरुआती जांच में बच्चे की मां पर भी शक किया गया, क्योंकि वह 3 मार्च को पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसकी लोकेशन बिहार के छपरा में ट्रेस की और पूछताछ की, लेकिन उसका घटना से कोई संबंध सामने नहीं आया।

इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि 3 मार्च को दोपहर 3:24 बजे बच्चा आखिरी बार रवि कुमार के साथ देखा गया था। इसके बाद बच्चे की कोई फुटेज नहीं मिली। इसके आधार पर पुलिस को रवि कुमार पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपित ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसके मामा और मामी के बीच अक्सर झगड़ा होता था और वह अपनी मामी को सबक सिखाना चाहता था। 3 मार्च को शराब के नशे में उसने बच्चे को बहाने से पास के निर्माणाधीन भवन में ले जाकर पहले जमीन पर गिराया और फिर उसकी गर्दन दबा दी। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए रसोई के चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया।

वारदात के बाद आरोपित ने शव को जैकेट से ढक दिया और वहां से चला गया। उसने बताया कि 3 और 4 मार्च को वह लगातार शराब पीता रहा क्योंकि उसे अपने किए पर अपराधबोध हो रहा था। 5 मार्च को वह फिर उसी इमारत में गया और शव को घर के पास लाकर लोगों को झूठी जानकारी दी कि बच्चे का शव वहां मिला है।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। आरोपित रवि कुमार रनहोला इलाके का निवासी है और सड़क किनारे मछली बेचने का काम करता है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी