रोहिणी में नकली आईफोन पार्ट्स के साथ पांच लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच दुकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये के नकली एप्पल प्रोडक्ट बरामद किए और पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के निर्देश पर आर्थिक अपराध और नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 की टीम को 6 मार्च को गुप्त सूचना मिली कि रोहिणी के विकास सूर्या शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस, एम2के सेक्टर-3 में स्थित कुछ दुकानों पर नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज को असली बताकर बेचा जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को बताया कि सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी से पहले एप्पल कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि तौकीर चौधरी को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि बरामद सामान की पहचान की जा सके। इसके बाद पुलिस टीम ने दिनेश स्पेयर पार्ट, सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरीज, प्रधान जी कम्युनिकेशन, सतगुरु एक्सेसरीज और कंसल एक्सेसरीज नेक्स्ट नाम की पांच दुकानों पर छापा मारा।
जांच के दौरान दुकानदार एप्पल कंपनी से अधिकृत होने का कोई प्रमाण या सामान की खरीद से संबंधित बिल नहीं दिखा सके। मौके पर मौजूद एप्पल कंपनी के प्रतिनिधि ने जांच के बाद बरामद सभी उत्पादों को नकली घोषित कर दिया।
पुलिस की छापेमारी के दौरान करीब 1000 आईफोन बैक पैनल, 180 बैक बॉडी, 228 बैटरी, 48 कैमरा और चार्जिंग फ्लेक्स, 738 बैक कवर, 14 एडॉप्टर और 109 यूएसबी-सी केबल बरामद किए गए। एप्पल टीम के अनुसार, जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 60 लाख रुपये है।
पुलिस ने इस मामले में दिनेश (सुल्तानपुरी), शिवम सिंघल (बुद्ध विहार), शिवम (समयपुर बादली), पुनीत (रोहिणी सेक्टर-6) और रामकरण शर्मा (रोहिणी सेक्टर-7) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित संबंधित दुकानों के मालिक या संचालक बताए जा रहे हैं।
क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सामान कहां से सप्लाई हो रहा था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

