home page

बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

 | 
बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस


नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सूचना मिली कि सुल्तानपुर रोड स्थित पूठ खुर्द के पास राज वाटिका के नजदीक एक युवक को गोली मार दी गई है और वह गंभीर हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान भूपेंद्र (24) के रूप में हुई है। वह पूठ खुर्द के पन्ना बस्ती वाड़ा का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए सुराग जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी