home page

दिव्यांश हत्याकांड खुलासा : पीटने से हुई थी दिव्यांश की मौत, गुरुकुल संचालक महिला मित्र समेत गिरफ्तार

 | 
दिव्यांश हत्याकांड खुलासा : पीटने से हुई थी दिव्यांश की मौत, गुरुकुल संचालक महिला मित्र समेत गिरफ्तार


कानपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमनगर स्थित एक गुरुकुल में पढ़ रहे कानपुर निवासी 11 वर्षीय छात्र दिव्यांश की बेरहमी से पिटाई से माैत हाे गयी थी। इसके बाद आरोपित शव को कानपुर में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए थे। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने इसे सीधा हत्या का मामला बताया और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने जांच तेज करते हुए शुक्रवार काे दाे आराेपिताें गुरुकुल संचालक महंत सौरभ मिश्रा उर्फ कन्हैया और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शुक्रवार को बताया कि दिव्यांश हत्याकांड में बांदा निवासी गुरुकुल संचालक व महंत सौरभ मिश्रा उर्फ कन्हैया और मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली महिला मित्र हर्षिता सोनी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बच्चे की पिटाई कर हत्या करने की बात कबूल की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल डंडा और सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किए हैं।

उल्लेखनीय है कि महाराजपुर थाना क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार द्विवेदी ने 15 अप्रैल को अपने 11 वर्षीय बेटे दिव्यांश का दाखिला लखनऊ के आलमनगर स्थित एक गुरुकुल में कराया था। 21 अप्रैल को आरोपितों ने उसकी पिटाई कर हत्या कर दी। अगले दिन 22 अप्रैल को शव कानपुर लाकर घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। 23 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समझाकर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप