home page

पन्ना में लोकायुक्त का छापा, जल संसाधन विभाग के लेखा अधिकारी और बाबू 45 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
पन्ना में लोकायुक्त का छापा, जल संसाधन विभाग के लेखा अधिकारी और बाबू 45 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


पन्ना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना में लोकायुक्त सागर संभाग की टीम ने जल संसाधन विभाग में रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए संभागीय लेखा अधिकारी और सहायक ग्रेड-2 को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संभागीय लेखा अधिकारी दीपक सिंह परमार और सहायक ग्रेड-2 अरविंद कुमार पाठक के रूप में हुई है। लोकायुक्त टीम ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग के कार्यालय परिसर में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग भोपाल में पंजीकृत ठेकेदार गौरव तोमर ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार को जल संसाधन विभाग की मझगांय मध्यम परियोजना के अंतर्गत ग्राम मझगांय मजरा बालूपुर में कैनाल स्लूस निर्माण का ठेका मिला था। इस परियोजना की लागत 70 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

शिकायत के मुताबिक, ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया था और विभाग की ओर से तीन किस्तों में भुगतान भी किया जा चुका था। अब तक करीब 55 लाख रुपये का भुगतान होने के बाद लगभग 25 लाख रुपये का अंतिम भुगतान और शेष बिल पास कराने की प्रक्रिया लंबित थी। इसी भुगतान के एवज में दोनों अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, संभागीय लेखा अधिकारी दीपक सिंह परमार ने भुगतान की राशि पर 35 पैसे प्रति सौ रुपये और सहायक ग्रेड-2 अरविंद कुमार पाठक ने 70 पैसे प्रति सौ रुपये के हिसाब से रिश्वत की मांग की थी। इस तरह कुल दर एक रुपये पांच पैसे प्रति सौ रुपये बताई गई और करीब 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप है।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त सागर की टीम ने गोपनीय तरीके से उसका सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद बुधवार, 28 अक्टूबर को कार्रवाई की गई। टीम ने कार्यालय परिसर में दबिश देकर संभागीय लेखा अधिकारी दीपक सिंह परमार को 15 हजार रुपये और सहायक ग्रेड-2 अरविंद कुमार पाठक को 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। दोनों के पास से कुल 45 हजार रुपये की कथित रिश्वत बरामद की गई।

यह कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके, निरीक्षक रोशनी जैन सहित लोकायुक्त पुलिस का अन्य स्टाफ शामिल रहा।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे