आपराधिक आरोप1 में जिला तृणमूल छात्र अध्यक्ष गिरफ्तार
उत्तर दिनाजपुर ,16 मई (हि.स.)। जिले के रायगंज में तृणमूल छात्र परिषद के जिला अध्यक्ष रंतु दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रायगंज थाने की पुलिस ने शनिवार को इस कार्रवाई को अंजाम दिया। उन पर वसूली (तोलाबाजी), जमीन कब्जा, धमकी देने और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर आरोप है।सूत्रों के अनुसार, रंतु दास पर आरोप है कि उन्होंने काशीबाटी इलाके में कई बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे बेचकर करोड़ों रुपये कमाए। इसके अलावा, कई लोगों को डराकर उनके घर और संपत्ति पर कब्जा करने की भी शिकायतें सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, उनके पास आधुनिक अवैध हथियार भी हो सकते है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद बीजेपी नेता दिलीप घोष ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले में लंबे समय से भ्रष्टाचार, जमीन कब्जा और सरकारी पैसे की हेराफेरी हो रही थी। इस मामले से जुड़े सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि मामले की जांच ईडी से कराई जाए और अवैध संपत्ति की भी जांच हो। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

