home page

बागपत जिला पूर्ति अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
बागपत जिला पूर्ति अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


बागपत, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में विजिलेंस टीम ने पूर्ति अधिकारी को उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी द्वारा एक राशन डीलर से 40 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में की गई हैं। विजिलेंस टीम उनको बागपत कोतवाली ले गयी जहां उनके खिलाफ मुकदमा लिखाया जा रहा है।

विजिलेंस टीम ने जब यह कार्रवाई की तो शिकायतकर्ता भी मौके पर मौजूद था। शिकायतकर्ता राशन डीलर नरेंद्र ने आरोप लगाया है कि जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी हर महीने राशन से 25 रुपये प्रति कुंतल हिस्सा मांग रहे थे। नहीं देने पर वे राशन दुकान निरस्त करने की धमकी दे रहे थे। राशन डीलर ने परेशान होकर इसकी शिकायत मेरठ विजिलेंस टीम को कर दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और पूर्ति विभाग के कार्यालय में जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

अनूप तिवारी के खिलाफ पहले भी रिश्वत मांगने की कई शिकायतें मिल चुकी थीं। शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने उनके कार्यालय में छापा मारकर उन्हें 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को कोतवाली ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस टीम पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

बागपत कोतवाल बृजेश कुमार का कहना है विजिलेंस टीम अभी कागजी कार्रवाई कर रही है अभी कुछ नही कहा जा सकता, जैसे ही मुकदमा लिखा जाता है। जानकारी दे दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी