home page

चोरी के सामान को लेकर विवाद, फायरिंग और तलवार लहराने का वीडियो वायरल; मौके से खोखा बरामद

 | 
चोरी के सामान को लेकर विवाद, फायरिंग और तलवार लहराने का वीडियो वायरल; मौके से खोखा बरामद


भागलपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिरपैंती थाना क्षेत्र के नौवा टोली गांव में गुरुवार देर रात चोरी के सामान का आरोप लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया।

इस विवाद के दौरान एक पक्ष के युवक द्वारा पिस्टल से अंधाधुंध हवाई फायरिंग करने और दूसरे युवक द्वारा खुलेआम तलवार लहराकर ललकारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग कर रहा है, जबकि उसी के पक्ष का दूसरा युवक हाथ में नंगी तलवार चमकाते हुए दूसरे पक्ष को खुलेआम चुनौती दे रहा है। घटना की भनक लगते ही पीरपैंती थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) सुनील कुमार और ब्रजकिशोर चौधरी भारी पुलिस बल के साथ नौवा टोली गांव पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से फायरिंग किया गया एक खोखा और प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई तलवार को बरामद कर लिया है।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर हवाई फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी युवक की पहचान कर ली है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया था। पीरपैंती थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने स्तर से जांच कर रही है और चिन्हित किए गए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर