बिना आईडी कमरा नहीं देने पर विवाद: 10 से ज्यादा बदमाशों ने होटल पर बोला धावा
कोटपुतली, 13 नवंबर (हि.स.)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली में शुक्रवार सुबह होटल में कमरा देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले गया। सरुंड थाना क्षेत्र में सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच 10 से ज्यादा बदमाशों ने होटल प्रिंस पर धावा बोल दिया। आरोपितों ने होटल स्टाफ के साथ मारपीट की और पूरे होटल में जमकर तोड़फोड़ की। पार्किंग में खड़ी कारों के शीशे तक तोड़ दिए गए। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे से होटल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में कुछ बदमाश हाथों में सरिए और लोहे की रॉड लेकर होटल में घुसते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी और रिसेप्शन एरिया में कंप्यूटर समेत अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। होटल मैनेजर मान सिंह के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे 4-5 युवक होटल में कमरा लेने पहुंचे थे। स्टाफ ने उनसे आईडी मांगी, लेकिन युवकों ने आईडी देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर उन्होंने होटल स्टाफ के साथ मारपीट और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बताया गया कि रात को विवाद के बाद तीन युवक होटल से चले गए थे। आरोप है कि करीब सात घंटे बाद यही युवक अपने अन्य साथियों के साथ होटल पहुंचे और हमला कर दिया। होटल प्रबंधन ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने होटल में तोड़फोड़ करने के साथ करीब ढाई लाख रुपये भी लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक रिसेप्शन काउंटर के पास रखे बॉक्स से सामान निकालते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, लूट की राशि और घटना के अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
हमले में होटल स्टाफ के एक-दो लोगों को चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है। होटल प्रबंधन का कहना है कि आरोपित युवकों को पहले से नहीं जानते हैं।
सरुंड थानाधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि होटल में तोड़फोड़ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अब तक छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। होटल मैनेजर और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान और घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

