home page

रायपुर: नाचने के दौरान विवाद में युवक की हत्या, चंद घंटों में विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

 | 
रायपुर: नाचने के दौरान विवाद में युवक की हत्या, चंद घंटों में विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार


- पेपर कटर से जांघ पर किया था वार, उपचार के दौरान हुई मौत

रायपुर, 11 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास शोभायात्रा के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है।

विवाद के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक ने कथित तौर पर पेपर कटर से युवक की जांघ पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपित बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पेपर कटर भी जब्त कर लिया है।

नाचने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर शनिवार की रात की है। अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर मोहल्ले में आयोजित शोभायात्रा के दौरान समिति की ओर से धुमाल की व्यवस्था की गई थी। रात करीब 10 बजे शोभायात्रा में शामिल होने के लिए स्थानीय लोग चौक पर पहुंचे थे। इसी दौरान गौरव सेन भी वहां मौजूद था।

नाचने के दौरान गौरव और एक अन्य लड़के के बीच धक्का-मुक्की हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान लड़के ने पास में पड़े धारदार पेपर कटर से गौरव की जांघ के पास वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

घटना की जानकारी मिलने पर गौरव के बड़े भाई अजय सेन मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने भाई को खून से लथपथ हालत में देखा। गौरव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद अजय सेन ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 363/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

संयुक्त टीम ने चंद घंटों में पकड़ा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को वारदात के चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया।

पूछताछ में पेपर कटर से वार करने की बात स्वीकार की

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने बताया कि नाचने के दौरान हुए विवाद के बाद उसने टेंट में उपयोग होने वाला पेपर कटर उठाकर गौरव की जांघ के पास वार किया था। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पेपर कटर जब्त कर लिया है। मामले में विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर