बारिश के बाद जर्जर मकान की छत की पट्टियांं गिरी, मासूम की मौत, तीन घायल
जोधपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। शहर में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर की जर्जर इमारतें खतरा बनती नजर आ रही हैं। सोमवार अलसुबह सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिलावटों के मोहल्ले में एक जर्जर मकान की पत्थर की छीणें (पट्टियां) अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम विश्नोई ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि इस्हाकिया स्कूल के निकट सिलावटों का मोहल्ला स्थित मोहम्मद इरफान के मकान की पत्थर की छीणें गिर गई हैं। यहां दो मंजिला मकान बना हुआ है। मोहम्मद इरफान का परिवार दूसरी मंजिल पर सो रहा था। मकान जर्जर हालत में था। बारिश के चलते सुबह करीब साढ़े 5 बजे अचानक 4 से 5 पट्टियां टूटकर गिर गईं। हादसे के बाद परिवार के लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग पहुंचे और बच्ची को बाहर निकाला। घायलों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया। जहां अलसिफा (8) पुत्री मोहम्मद इरफान को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं हादसे में बच्ची के पिता मोहम्मद इरफान, मां और दो साल की बच्ची गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंच गई। मकान जर्जर हालत में था, जिसे सील कर दिया गया। साथ ही जहां ये हादसा हुआ, उसके पास गली में भी मकान जर्जर हालत में था, उसे भी सील किया गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने जर्जर मकानों को चिह्नित करने काम शुरू कर दिया है। कुछ दिनों पहले इसी मोहल्ले के एक और मकान को सील किया गया था, उसे पहले भी नोटिस दिया जा चुका था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

