home page

सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.36 करोड़ की साइबर ठगी, मां-बेटी समेत तीन गिरफ्तार

 | 
सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.36 करोड़ की साइबर ठगी, मां-बेटी समेत तीन गिरफ्तार


सोनभद्र, 25 सितंबर (हि.स.)। साइबर क्राइम पुलिस ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर लगभग 02 करोड़ 36 लाख रुपये की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर कराने के मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित की फ्रॉड हुई धनराशि में से 75 लाख रुपये होल्ड कराए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर ठगी की धनराशि से खरीदी गई टाटा हैरियर कार, 2.10 लाख नकद, 05 एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट अधिवक्ता का फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि 22 सितंबर को भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने साइबर क्राइम पुलिस थाना को सूचना दी की एक सेवानिवृत्त कर्मचारी बार-बार किसी व्यक्ति को धनराशि ट्रांसफर कर रहा है। काफी धनराशि ट्रांसफर कर चुका है। पूछताछ करने पर वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। उसकी स्थिति से प्रतीत हो रहा है कि वह किसी के दबाव में फोन पर बताए गए खातों में धनराशि ट्रांसफर कर रहा है।

सूचना प्राप्त होते ही साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी मय टीम बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक सभी व्यक्ति बैंक से जा चुके थे। पुलिस ने धनराशि ट्रांसफर के बारे में जानकारी ली गई। पीड़ित से विस्तृत पूछताछ में जानकारी हुई कि हायर ज्यूडिशियरी एवं शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया गया था। आरोपिताें ने उनसे तीन अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 02 करोड़ 36 लाख रुपये ट्रांसफर कराए हैं।

अपराधी उनसे लगातार और धनराशि की मांग कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर सेवानिवृत्त अधिकारी के मोबाइल नंबर से लिंक बैंक खातों की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित खातों पर रोक लगवाई गई।

पीड़ित को साइबर अपराध के संबंध में जागरूक कर उसका प्रार्थना पत्र प्राप्त किया गया, जिसके आधार पर थाना साइबर क्राइम, पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके साथ ही संबंधित बैंक में अलर्ट लगवाते हुए धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की निगरानी के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस की तीन टीमाें ने कार्रवाई करते हुए मीरजापुर निवासी मुख्य अभियुक्त अरुण कुमार दूबे को प्रयागराज स्थित ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया।

इस ठगी में एक्सटॉर्शन में सहयोग करने वाली महिला प्रियंका और उसकी बेट तेजल काे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी ने बताया की गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर जेल भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी