लखनऊ : बेटे को स्कूल में अपमानित करने पर डीआईजी ने प्रधानाचार्य समेत तीन पर दर्ज कराई एफआईआर
लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने डीपीएस एल्डिको शाखा रायबरेली राेड की प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक पर एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कक्षा तीन में पढ़ने वाले उनके आठ वर्षीय बेटे को सभी छात्रों के सामने अपमानित किया गया, जिससे वह मानसिक आहत है। इतना ही नहीं जब परिवार ने शिकायत की तो उन पर भी दबाव बनाया गया। इसके बाद डीआईजी की शिकायत पर पीजीआई थाने में किशोर न्याय अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रहने वाले डीआईजी का बेटा डीपीएस एल्डिको शाखा रायबरेली राेड में कक्षा तीन का छात्र है। आरोप है कि 15 अक्टूबर को रोबोटिक्स की कक्षा के दौरान एक सीनियर छात्र ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। इसकी जानकारी मिलने पर डीआईजी ने अगले दिन प्रधानाचार्य और काउंसलर से शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की।
आरोप है कि प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक उनके बच्चे को आरोपित छात्र की पहचान कराने के लिए कक्षा पांच से आठ तक के सभी सेक्शन में ले गए। लेकिन वह छात्र वहां नहीं मिला। जबकि प्रबंधन काे पता था कि वह बाहरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए स्कूल से बाहर गया हुआ था। डीआईजी का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की इस कार्रवाई से उनका बेटा मानसिक रूप से आहत है।
उन्होंने इसकी शिकायत जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और स्कूल सोसाइटी व प्रबंधन समिति के चार वरिष्ठ पदाधिकारियों से की, लेकिन प्रबंधन ने कार्रवाई करने के बजाय उन पर ही शिकायत वापस लेकर समझौता करने का दबाव बनाया।
स्कूल प्रबंधन के रवैये से नाराज डीआईजी ने 28 अक्टूबर को पीजीआई थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर 11 नवंबर को प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। मामला विभाग से जुड़ा होने के कारण पुलिस का कोई भी अधिकारी इस संबंध जानकारी नहीं दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

