सागरः फांसी लगाने जा रही महिला को डायल 112 की टीम ने फंदे से खींच निकाला
सागर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में 'डायल 112' टीम की तत्परता के कारण एक 30 वर्षीय महिला को आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सागर की धर्मश्री कॉलोनी में एक महिला ने कमरे में बंद होकर फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के स्टाफ ने मौके पर पहुँचकर दरवाजा तोड़ा और फंदा गले में डलने से पहले ही महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम को एक आपातकालीन कॉल (इवेंट आईडी 5712) प्राप्त हुई। सूचना मिली कि थाना मोती नगर के अंतर्गत आने वाली धर्मश्री कॉलोनी की निवासी रानी अहिरवार पत्नी अनिल अहिरवार ने खुद को कमरे में कैद कर लिया है और वे अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाली हैं। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए कंट्रोल रूम ने बिना एक सेकंड गंवाए मोती नगर थाने से डायल 122 को रवाना किया।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो कमरा अंदर से बंद था। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए एएसआई नरवध सिंह और पायलट साजिद खान ने साहस का परिचय दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से कमरे का दरवाजा तोड़ा। जैसे ही टीम अंदर दाखिल हुई, महिला दुपट्टे का फंदा गले में डालने ही वाली थी। पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए महिला को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें ढांढस बंधाया और काउंसलिंग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

