home page

झूठी शिकायत करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करें : सांगवान

 | 
झूठी शिकायत करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करें : सांगवान


धौलपुर, 18 जून (हि.स.)। जिले के पुलिस महकमे की ओर से धौलपुर जिला कलक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधिकारियों की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण सहित अन्य मुददों पर चर्चा के बाद आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने 60 एवं 90 दिवस की अवधि में निस्तारण योग्य लंबित प्रकरणों की थानावार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा इन प्रकरणों में समयबद्ध अनुसंधान कर न्यायालय में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक एवं शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक इस्तगासे न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त धारा 217/248 बीएनएसएस तथा धारा 182/211 बीएनएस के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों एवं न्यायालयों में प्रस्तुत इस्तगासों की समीक्षा कर झूठी शिकायतों एवं भ्रामक सूचनाएं देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण किया जाए तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाकर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वांछित अपराधियों की धरपकड़, लंबित वारंटों की तामील तथा गंभीर अपराधों के शीघ्र खुलासे हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी प्रदान किए। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों में और अधिक सख्ती करने के साथ ही उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह एवं जिले के समस्त वृताधिकारीगण एवं थानाधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप