home page

धौलपुर में खेत में मिले चाचा और दो भतीजों के शव

 | 
धौलपुर में खेत में मिले चाचा और दो भतीजों के शव


धौलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में एक दिन दहला देने वाला मामला सामने आया है। खेत में चाचा और दो भतीजों के शव मिले हैं। धौलपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित बाड़ी तहसील क्षेत्र में कंचनपुर थाना इलाके के गांव पूरा सिकरौदा में एक खेत में चाचा और दो भतीजों के शव मिले हैं। बुधवार सुबह दो बच्चों के शव जमीन पर पड़े मिले हैं, वहीं चाचा का शव एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कंचनपुर थाना पुलिस ने हालात का जायजा लिया तथा मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने मौके के हालात तथा परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए इस मामले की पडताल शुरू कर दी है।

धौलपुर ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने बताया कि कंचनपुर थाना इलाके के गांव पुरा सिकरौदा में बुधवार सुबह खेत में मिले तीन शवों की पहचान पुरा सिकरौदा निवासी विष्णु पुत्र सीतोली तथा उसके दो भतीजों सनी ओर मानव पुत्र संतोष के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक पुरा सिकरौदा निवासी 22 वर्षीय विष्णु मंगलवार सुबह अपने भतीजे सनी (10) वर्ष और मानव (8) वर्ष पुत्र संतोष के साथ अपनी माँ जनक देवी को बाइक पर घर से लेकर बसेड़ी थाना इलाके के गांव आकपुरा में अपनी बहन के घर माता पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। आकपुरा में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद में विष्णु की माँ बुधवार को आने की कहकर अपनी बेटी के पास ही रुक गई। जबकि, विष्णु शाम को करीब 5 बजे ही दोनों भतीजों को लेकर बाइक से घर के लिए निकल आया। मृतक विष्णु के पिता सीतोली ने बताया कि रात को जब हमने कॉल करके विष्णु की मां से लौटने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि विष्णु और दोनों बच्चे बाइक से घर के लिए निकल गए हैं। वह बुधवार को आएगी। जब देर रात तक तीनों घर नहीं लौटे तो हमने रिश्तेदारों को फोन किया। किसी ने भी उनके आने की बात नहीं कही। रात से लेकर बुधवार सुबह तक विष्णु तथा दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। तभी तीनों के शव उनके घर सिकरौदा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में मिले। पुलिस के मुताबिक विष्णु का शव एक पेड़ पर फंदे में लटका था,जबकि दोनों बच्चों के शव खेत में पड़े थे। जिस बाइक से तीनों लौटे थे, वह भी घटनास्थल पर मिली है। एक साथ तीन व्यक्तियों के शव मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, बाड़ी विधायक जसवंत सिंह गुर्जर, धौलपुर के पूर्व विधायक बीएल कुशवाह,सीओ ग्रामीण मनोहर लाल मीणा एवं कंचनपुर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद जन प्रतिनिधियों तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा का आश्वासन दिया। पुलिस के साथ ही मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस एवं परिजनों के मुताबिक प्रथम दृष्टया तीनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। उधर,एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने के बाद सिकरौदा गांव तथा आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस की टीम तीनों मृतकों के शवों को लेकर बाड़ी के सरकारी अस्पताल पहुंची है, जहां मेडिकल बोर्ड से उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप