धौलपुर में पुलिस ने नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, दो पकडे
धौलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने शहर के गुर्जर कालोनी इलाके में छापा मारकर नकली दूध बनाने की एक फैक्ट्री पकडी है। इस फैक्ट्री में पॉम आयल तथा स्किम मिल्क पाउडर से नकली दूध बनाया जा रहा था। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से एक टैंकर, पाम ऑयल एवं मिल्क पाउडर जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि इस फैक्ट्री में निर्मित करीब दस हजार लीटर नकली दूध को धौलपुर के समीपवर्ती मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टैंकर में भरे दूध को नष्ट करवाकर गोदाम को सील कर दिया है। इस संबंध में कोतवाली में मामला भी दर्ज कराया गया है।
धौलपुर थाना कोतवाली प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस को हाईवे पर गश्त के दौरान गुर्जर कॉलोनी में एक मकान में नकली दूध बनाने के संबंध में जानकारी मिली थी। सूचना में बताया गया कि गुर्जर कालोनी में भागीरथ गुर्जर और उसके साथी काफी लंबे समय से नकली दूध तैयार कर टैंकरों से धौलपुर के साथ उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में सप्लाई कर रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस ने गुर्जर कालोनी में एक मकान पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस को मौके पर नकली दूध से भरा हुआ एक टैंकर मिला। इसके साथ ही वहां पर फैक्ट्री कई लोग काम करते दिखाई दिए। पुलिस ने राघवेंद्र उर्फ सोनू शर्मा निवासी दोनारी एवं रामू शर्मा निवासी सादिकपुर को हिरासत में लिया है। यादव ने बताया मौके पर मिले नकली दूध के टैंकर की क्षमता करीब 4 हजार लीटर है। प्रारंभिक पूछताछ में बताया गया है कि फैक्ट्री में निर्मित यह नकली दूध बड़े प्लांटों में सप्लाई किया जाता था, जहां से डेयरियों को भेजा जाता था। पुलिस के छापे की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पंहुचे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि छापे के दौरान प्रथम दृष्टया अशुद्ध दूध के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके साथ ही संदिग्ध अशुद्ध दूध को जंगल में ले जाकर नष्ट कराया गया है। डॉ. मीणा ने बताया कि फैक्ट्री की तलाशी में पाम ऑयल से भरे 124 टिन तथा 60 खाली टिन मिले हैं। इसके साथ ही करीब 40 कट्टे स्किम्ड मिल्क पाउडर, लिक्विड ग्लूकोस, दो बड़ी मशीन, दो गैस चूल्हे, दो सिलेंडर एवं जनरेटर सहित अन्य सामग्री भी मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद में ही सही स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच तथा सैंपल लेने की कार्यवाही के बाद में खाद्य निरीक्षक पदम सिंह द्वारा फैक्ट्री तथा गोदाम को सील किया गया है। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कोतवाली में खाद्य पदार्थ मानक सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
उधर,पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है,जिसके बाद में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। हालांकि नकली दूध की वास्तविकता जांच और सैंपल रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

