home page

धौलपुर पुलिस की कार्रवाई, 12 करोड की ठगी का आरोपित अमित गौतम दबोचा

 | 
धौलपुर पुलिस की कार्रवाई, 12 करोड की ठगी का आरोपित अमित गौतम दबोचा


धौलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। धौलपुर जिला पुलिस ने गुरूवार को एक बडी कार्रवाई करते हुए 12 करोड की ठगी के आरोपित अमित गौतम को गिरफ्तार किया है। बीते करीब छह साल से फरार चल रहे आरोपित अमित गौतम की पुलिस को राजस्थान के धौलपुर, जयपुर एवं उदयपुर के 20 मामलों में तलाश थी। यही नहीं पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी पर 43 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इनामी आरोपित ने अपने साथी अरूण अग्रवाल के साथ मिलकर करीब 200 लोगों के साथ धोखाधडी की थी। इनामी आरोपित ने उदयपुर से एम फार्मा भी किया था तथा उसे मेडिकल दवाइयों एव जांचों के बारे में अच्छी जानकारी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ठगी के आरोपित से विस्तार से पूछताछ की जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि धौलपुर पुलिस ने बडी कार्रवाई करते हुए करीब 12 करोड 69 लाख रूपये की धोखाधडी कर 6 साल से फरार चल रहे 43 हजार रूपये के इनामी आरोपित अमित गौतम निवासी शास्त्री नगर सेक्टर 5 थाना निहालगंज जिला धौलपुर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। विशेष टीम द्वारा इनामी आरोपी अमित गौतम को लाजपत नगर ब्लॉक सी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। गाैतम के विरूद्ध थाना निहालगंज में धोखाधडी के प्रकरण पंजीबद्ध है। एसपी ने बताया कि आरोपित अपने साथी अरूण अग्रवाल के साथ बडे-बडे व्यवसायी, पैसे वाले लोंगों के पैसों पर अधिक ब्याज और कम समय में पैसे दुगने करने का झांसा देकर लोंगों को अपना शिकार बनाता था। आरोपित ने करीब 200 लोगों को अपना शिकार बना कर करीब 12 करोड 69 लाख रुपये हडप लिये और राजस्थान छोड कर परिवार के साथ दिल्ली रहने लगा। आरोपित ने ठगी के लिए अपने साथी अरूण अग्रवाल के साथ अलग-अलग नामों की सात फर्जी फर्म भी बना रखी थी। जिससे लोगों को जल्दी भरोसा हो जाए और वो उसकी फर्जी कम्पनी में अधिक से अधिक पैसा निवेश करवा सके। इनामी आरोपित अपने आप को बहुत बडा इन्वेस्टर बताता था और भरोसा दिलाता था कि मेरी कम्पनी बडे बडे बाजार इनवेस्ट मार्केट में पैसा लगाती है। इसके साथ ही तथा ग्रामीण इलाकों में सस्ते दाम पर बड़ी मात्रा में जमीन खरीदती है और डवलप कर के अधिक कीमत पर जमीन को बेचती है जिससे बहुत जल्दी और अधिक पैसा कमाया जाता है। लोगों का भरोसा जीतने के लिये अभियुक्त पहली बार मिलने और कम पैसा लगाने वाले लोंगों को एक महीने बाद अधिक ब्याज देकर विश्वास प्राप्त कर लेता था। इसके बाद में अधिक पैसा कमाने के लालच में भोले भाले लोग खुद के साथ साथ परिचितों का पैसा भी इनकी फर्जी फर्म में लगा देते थे। जिन नौकरी पैशा या व्यावसायियों पर पैस नहीं होते थे उनको ये व इनके साथी कई बैंकों से एक साथ बडी मात्रा में लोन भी दिलवा देते थे। खुद को बडा और प्रभावशाली दिखाने के लिये इनामी आरोपित बडी ओर लग्जरी मंहगी गाडी, कई लाख रूपये की घडी, महंगे मंहगे जूते-मोबाईल का उपयोग करता था ताकि लोग उसके प्रभाव में आ सके। एसपी ने बताया कि गौतम की गिरफ्तारी पर महानिरीक्षक भरतपुर रेंज भरतपुर से 40 हजार एवं जयपुर पश्चिम पुलिस से 3 हजार रूपये का इनाम घोषित है। पुलिस के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी आरोपित की बहुत दिनों से तलाश कर रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप