home page

पुलिस अभिरक्षा से फरार नशा तस्कर टी श्रीनिवास गिरफ्तार

 | 
पुलिस अभिरक्षा से फरार नशा तस्कर टी श्रीनिवास गिरफ्तार


धौलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। धौलपुर जिला पुलिस ने नशा तस्कर टी श्रीनिवास को गिरफ्तार कर लिया है। महाराष्ट्र के नागपुर से पुलिस की विशेष टीम ने श्रीनिवास को धर दबोचा। आरोपित बीते महीने 25 अक्टूबर को दिहौली थाने की हवालात से फरार हुआ था। पुलिस द्वारा श्रीनिवास की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि थानाधिकारी थाना दिहौली शैतान सिंह की अगुवाई में गठित विशेष पुलिस टीम ने हवालात से फरार हुए नशा तस्कर टी श्रीनिवास निवासी रघुदेवपुरम जिला ईस्ट गोदावरी आंध्रप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाने की हवालात की खिडकी तोडकर फरार हुए 25 हजार रुपये के इस इनामी आरोपित को पुलिस ने करीब 12 दिन बाद महाराष्ट्र के नागपुर से धर-दबोचा। एसपी ने बताया कि फरारी के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए 10-12 किलोमीटर खेतों के रास्ते पैदल राजाखेड़ा से टेंपो से आगरा और ट्रेन से वाराणसी होते हुए विशाखापट्टनम पहुंचा। यही नहीं आरोपित तिरुपति बालाजी भी गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने बदला अपना हुलिया, सिर एवं मूंछों के बाल मुंडवाकर पहचान भी छिपाई तथा लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर करीब 6 दिनों तक लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश देने, स्थानीय स्तर पर आसूचना संकलन करने, संभावित ठिकानों का सत्यापन करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का विश्लेषण करने पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों, तकनीकी अनुसंधान एवं आपसी समन्वय के परिणामस्वरूप छह नवंबर को आरोपित टी श्रीनिवास को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। इस कार्रवाई में पुलिस थाना दिहौली, साइबर सेल धौलपुर, जिला स्पेशल टीम एवं यातायात पुलिस के पुलिसकर्मियों की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

बताते चलें कि मनियां पुलिस द्वारा 17 अक्टूबर को नशा तस्कर टी निवास को अवैध गांजे की एक बडी खेप के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद में आरोपित दिहौली थाने में पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी में चल रहा था। तभी 25 अक्टूबर को आरोपित टी श्रीनिवास हवालात की खिडकी तोडकर फरार हो गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप