home page

इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप गिरफ्तार

 | 

धौलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। इनामी एवं वांछित अपराधियों की धरपकड के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरूवार को धौलपुर पुलिस ने इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप को गिरफ्तार किया है। शहर के राजपूत छात्रावास फायरिंग मामले में पुलिस को आरोपी की तलाश थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल एवं राउंड बरामद किया है। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि 14 जून 2026 को शहर के राजपूत छात्रावास में फायरिंग में एक युवक श्रीकृष्ण परमार गोली लगने से घायल हुआ था। इस संबंध में घायल युवक के पिता दिनेश परमार निवासी-लालोनी थाना कंचनपुर जिला धौलपुर ने एक रिपोर्ट पेश का बताया कि उसका लड़का श्रीकृष्ण परमार राजपूत छात्रावास धौलपुर में रहकर पढ़ाई करता है। तभी प्रबल उर्फ प्रदीप परमार ने पिस्तोल से जान से मारने की नीयत से सीधे उसे गोली मार दी, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस पर मुकदमा नंबर 195/2026 धारा 189 (2), 109 (1), 351(2), 352 बीएनएस में (2) प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान किया गया। निहालगंज थाना प्रभारी सीआई देवेन्द्र शर्मा की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने रीको क्षेत्र में छापा मार कर आरोपी प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप निवासी बिजलीघर के पास कस्वा सैपऊ थाना सैपऊ जिला धौलपुर को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि आरोपी प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप की गिरफ्तारी पर बीस हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल एवं एक जिंदा राउंड 32 बोर बरामद किया है। एसपी ने बताया कि आरोपी इनामी सैपउ थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके विरुद्व लूट,डकैती,हत्या का प्रयास तथा मारपीट के आरोपों में कई मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि राजपूत छात्रावास फायरिंग प्रकरण दो आरोपी राजसिंह उर्फ राज निवासी खेरली थाना कंचनपुर एवं शिवम त्यागी निवासी पहाडी थाना दिहौली पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप