home page

पुलिस ने 25 हजार का इनामी ओमवीर उर्फ लादेन दबोचा

 | 
पुलिस ने 25 हजार का इनामी ओमवीर उर्फ लादेन दबोचा


धौलपुर, 20 मई (हि.स.)। पुलिस द्वारा इनामी बदमाशों की धरपकड के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बज्र प्रहार के तहत जिला स्पेशल टीम एवं पुलिस थाना बसेडी ने बुधवार को एक बड़ी कार्यवाही करते हुए 25 हजार रूपये के इनामी हार्डकोर बदमाश ओमवीर उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है। डांग इलाके में वनखण्डी महादेव मंदिर बसेडी के जंगलों से दबोचे गए लादेन के कब्जे से पुलिस ने एक देशी तमंचा तथा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी जिला स्तर पर टॉप 5 की सूची में शामिल अपराधी है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि बसेडी थाना पुलिस को वनखण्डी महादेव मंदिर इलाके में इनामी बदमाश लादेन के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस सूचना जिला स्पेशल टीम तथा बसेडी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार के इनामी बदमाश ओमवीर उर्फ लादेन निवासी लालौनी थाना कंचनपुर जिला धौलपुर को धर दबोचा। जिला स्तर पर शीर्ष 5 बदमाशन की सूची में शामिल लादेन की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय धौलपुर से 25 हजार रूपये का इनाम घौषित है। इनामी ओमवीर उर्फ लादेन के कब्जे से पुलिस ने एक देशी तमंचा तथा तीन कारतूस बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि इनामी लादेन के विरुद्व चोरी, लूट, डकैती, अपहरण एवं पुलिस मुठभेड जैसी संगीन धाराओं में करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप