(अपडेट) पति ने हथौड़ा मारकर की पत्नी की हत्या
धौलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। विवाह के समय सात फेरे के साथ-साथ सात जन्म निभाने का वादा करने वाले एक कलयुगी पति ने हथाैड़ा मार कर अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। यह दुस्साहसिक मामला पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार रात को पेश आया। हत्या को अंजाम देने के बाद पति मौके से भाग निकला। इस संबंध में मृतका के भाई की ओर से आरोपित पति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
धौलपुर जिले के आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर शाम आंगई थाना क्षेत्र के गांव चिलाखुर में एक 35 वर्षीय महिला गोलो देवी की उसके ही पति द्वारा हत्या किए जाने के संबंध में सूचना मिली थी। इस सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर सरमथुरा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। उधर, भरतपुर से पहुंची एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। इस वारदात की सूचना मिलने के बाद आगरा जिले के खेरागढ़ थाना इलाके के गांव गढ़ी दौलता निवासी मृतका के पीहर पक्ष के लोग मौके पर पंहुचे। इस संबंध में मृतका के भाई ने पति धर्मवीर पर हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शनिवार को मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अनुसंधान करते हुए मौके से फरार हुए आरोपित पति की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

