धौलपुर में फाइनेंस कर्मियों से सवा लाख रुपए की लूट
धौलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सैपउ थाना इलाके में सोमवार शाम को बाइक सवार बदमाशों फाइनेंसकर्मियों से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाश फायरिंग कर फाइनेंसकर्मियों से तमंचे की नोंक पर करीब सवा लाख रुपए लूट कर ले गए। लूट की वारदात के बाद में अज्ञात बदमाश मौके से भाग निकले। उधर,मौके पर पंहुची पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
धौलपुर ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने बताया कि सोमवार शाम को भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत योगेश और उसका साथी बृजभान गुर्जर सैपउ थाना इलाके के बरखेड़ा गांव से कलेक्शन कर बाइक से पुरैनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से अपाचे बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद में तमंचे की नोंक कलेक्शन की राशि से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 1 लाख 25 हजार रुपए बताए जा रहे हैं। बदमाशों की हवाई फायरिंग तथा बैग की छीना झपटी में योगेश बाइक नीचे गिर गया,जिससे उसके सिर में चोट आई है। मौके पर पंहुची पुलिस ने योगेश को सैपउ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया,जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद में उसे छुटटी दे दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर घायल के बयान दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के विरुद्व मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

