home page

बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट में युवक की मौत

 | 
बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट में युवक की मौत


धौलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के विपरपुर गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार देर शाम विपरपुर गांव में बच्चों के खेल के दौरान कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बच्चों से बढ़कर उनके परिजनों तक पहुंच गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। मारपीट में धनौली निवासी 21 वर्षीय गुलफाम पुत्र कल्ला, थाना मलपुरा, जिला आगरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान गुलफाम ने दम तोड़ दिया।

मनियां वृत्ताधिकारी (सीओ) खलील अहमद और मनियां थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक पक्ष ने अनवर उर्फ अन्नू तथा उसके परिजनों पर हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों की कहासुनी के बाद परिजनों के हस्तक्षेप से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पीड़ित पक्ष की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। घटना से जुड़े एक वीडियो के भी सामने आने की जानकारी है, जिसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप