बाडी में पत्थर से कुचलकर किशोर की हत्या, जंगल में फेंका शव
धौलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। बाड़ी सदर थाना इलाके में निधारा के जंगल में पशु चराने गए एक सोलह वर्षीय किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। देर रात मृतक किशोर का लहूलुहान शव जंगल में एक प्लास्टिक के बोरे में मिला। नाबालिग किशोर की हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बाड़ी-बसेड़ी स्टेट हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग पर डीएम और एसपी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझने के बाद जाम को खुलवाया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाड़ी उपखंड के कुहावनी गांव निवासी 16 वर्षीय किशोर मनोज मीणा रविवार दोपहर अपने पशुओं को चराने के लिए जंगल में गया था। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों तथा अन्य ग्रामीण उसकी तलाश में जंगल में पहुंचे। तलाश के दौरान देर रात करीब 10 बजे मनोज मीणा का लहुलूहान शव निधारा गांव के पास जंगल में झाड़ियों में मिला। मृतक मनोज मीणा के शव को एक प्लास्टिक के बोरे में छुपा कर रखा गया था। मौके के हालात तथा प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार अज्ञात हत्यारों ने जंगल में पत्थरों से सिर पर वार कर मनोज को मौत के घाट उतारा। यही नहीं हत्यारों ने मृतक मनोज के शव को प्लास्टिक के बोरे में डालकर झाड़ियों में छुपा दिया। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों तथा अन्य ग्रामीणों ने मनोज के शव को सड़क पर रखकर बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया।
हादसे एवं स्टेट हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही बाडी के एडिशनल एसपी श्रवण कुमार, बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार, एसडीएम अमित कुमार वर्मा और तहसीलदार जगवीर सिंह बेनीवाल मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीणों की मांग पर डीएम श्रीनिधि बी टी और एसपी विकास सांगवान मौके पर पंहुचे तथा ग्रामीणों को समझाने के बाद जाम खुलवाया। मौके पर पंहुचे बाड़ी के पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा तथा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र मीणा सहित अन्य ने आरोपितों को गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। सोमवार सुबह बाड़ी अस्पताल में मृतक मनोज मीणा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया। मौके पर एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। उधर,पुलिस ने बाड़ी सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

