(अपडेट) एसीबी का छापा, चार हजार की रिश्वत लेते तहसीलदार का रीडर गिरफ्तार
धौलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी की धौलपुर टीम ने बुधवार को सैंपऊ तहसील कार्यालय में छापामार कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर वीरेंद्र कुमार को 4 हजार रुपएउ की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी की कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कई कार्मिक अपनी कुर्सियां छोड़कर मौके से चले गए। एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए गए रीडर से पूछताछ की जा रही है।
धौलपुर एसीबी टीम के डीएसपी प्रेमचंद मीणा ने बताया कि एक परिवादी ने 19 जून 2026 को एसीबी पुलिस चौकी धौलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसने अपनी माता के नाम आठ बिस्वा जमीन खरीदी थी, जिसका नामांतरण हो चुका है। विभाजन का प्रस्ताव एसडीएम कार्यालय से तहसील कार्यालय भेजा गया था। शिकायत में बताया गया कि तहसीलदार का रीडर वीरेंद्र कुमार ने विभाजन की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 18 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के मुताबिक तय राशि के अनुसार 10 हजार रुपए सत्यापन से पहले, 4 हजार रुपए सत्यापन के दौरान तथा शेष 4 हजार रुपए कार्य पूर्ण होने के बाद देने की बात कही गई थी। इस शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने अपना जाल बिछाया तथा बुधवार को तहसहल कार्यालय में तहसीलदार के रीडर वीरेंद्र कुमार को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी प्रेमचंद मीणा ने बताया कि जांच के दौरान इस मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल एसीबी मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है तथा गिरपु्तार किए गए रीडर से पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

