home page

एसीबी की टीम ने 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को दबोचा

 | 
एसीबी की टीम ने 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को दबोचा


धौलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की धौलपुर टीम ने बुधवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक पटवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ने कृषि भूमि का नामांतरण खोलने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी। इस संबंध में ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की धौलपुर टीम के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद मीणा ने बताया कि एक परिवादी ने ब्यूरो को धौलपुर में पटवारी वीरेंद्र शर्मा द्वारा नामांतरण खोलने के एवज में रिश्वत मांगने शिकायत की थी। शिकायत में परिवादी ने बताया कि उसने कृषि भूमि खरीदी थी तथा उसका नामांतरण खोलने का आवेदन किया था। लेकिन नामांतरण खोलने के नाम पर धौलपुर तहसील के बसई सामंता हलके में तैनात पटवारी वीरेंद्र शर्मा ने उसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। इस शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो की टीम ने अपना जाल बिछाया और बुधवार सुबह पटवारी वीरेंद्र शर्मा को शहर के कायस्थपाड़ा स्थित उसके किराए के मकान में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। मीणा ने बताया कि आरोपी पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी पटवारी वीरेंद्र शर्मा को गुरुवार को भरतपुर में एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप